ललितपुर

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी प्रासंगिक

महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया था बल : राजपाल सिंह

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयंती पर किया स्मरण
समाज सेवा और सुशासन के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

ललितपुर। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राजा राजपाल सिंह की अध्यक्षता में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन, व्यक्तित्व और समाजहित में किए गए कार्यों को याद किया। उपाध्यक्ष राजा राजपाल सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान शासकों में से एक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में सुशासन, जनकल्याण और महिला सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने सदियों पहले महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों की बात की थी, इसलिए आज भी उनके आदर्श समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में न्याय, समानता तथा सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में अनेक मंदिरों, घाटों और धर्मशालाओं का निर्माण कराकर भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन त्याग, सेवा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। कार्यक्रम में मोहन सिंह चंदेल ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने उस समय महिला शिक्षा और सशक्तिकरण की बात की, जब समाज में महिलाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिलते थे। उन्होंने महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिलाने की दिशा में किए गए प्रयासों को याद करते हुए कहा कि देश के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी और सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा पंचायतों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का उल्लेख करते हुए महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर की भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा तथा धर्म और संस्कृति के प्रति उनके समर्पण का भी उल्लेख किया। अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। गोष्ठी का संचालन गजेंद्र सिंह राजा ने किया। इस दौरान मनरेगा बचाओ संघर्ष समिति के जिला प्रभारी जसपाल सिंह बंटी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश रजक, सीताराम राय, खलक सिंह राजपूत, डा.राम सिंह यादव, संतोष राय, जयराम पटेल, देशराज, रामकुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button