गोड्डा
विश्व साइकिल दिवस पर गोड्डा में निकली रंगीन रैली
बच्चों ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) गोड्डा द्वारा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं रंगीन साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। रैली का शुभारंभ कोचिंग संस्थान से हुआ, जो सरकंडा चौक तक निकाली गई। इस अवसर पर लगभग दर्जनों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइकिल चलाकर फिटनेस, सड़क सुरक्षा एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश लोगों तक पहुंचाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोचिंग के संचालक लक्ष्मण ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। साथ ही यह प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रैली के दौरान आयोजकों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और मार्गदर्शन का विशेष ध्यान रखा गया। सभी प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत गोड्डा की ओर से “MY Bharat” प्रिंटेड कैप प्रदान कर सम्मानित किया गया। मेरा युवा भारत गोड्डा के प्रतिनिधि आफताब आलम ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में खेलकूद के प्रति रुचि बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन का भरोसा दिलाया। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस रैली ने बच्चों और युवाओं में उत्साह का संचार किया तथा समाज को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया है।



