बरेली
जिलाधिकारी ने जनपद में पर्यटन विभाग की क्रियान्वित परियोजनाओं की करी समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कई मंदिरों के तालाबों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिनकी नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मंदिरों में सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है, उन्हें श्रावण मास प्रारम्भ होने से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने समस्त नाथ मंदिरों में यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसरों में पुस्तकालय स्थापित कराने पर बल देते हुए कहा कि इससे लोगों को गीता, रामायण और महाभारत जैसे धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन का अवसर मिलेगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जो कार्य पूर्ण हो जाएं, उन्हें कार्यदायी संस्था से हैंडओवर लिया जाए। समीक्षा के दौरान पर्यटन विभाग की सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उपनिदेशक पर्यटन रविंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



