खैरथल
रिटायर्ड पुलिसकर्मियों का सम्मान, रिटायर्ड कर्मियों के अनुभवों से मजबूत होगी पुलिसिंग: एएसपी जया सिंह
अधिकारियों ने किया सेवानिवृत पुलिस कर्मियों से संवाद ,समस्याऐं सुनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। पुलिस लाइन खैरथल-तिजारा में बुधवार को सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और संवाद को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने रिटायर्ड पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, सुझाव लिए और बेहतर पुलिसिंग के लिए उनके अनुभवों पर आधारित फीडबैक प्राप्त किया।
अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। लंबे सेवा काल में अर्जित उनका अनुभव वर्तमान पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के दौरान रिटायर्ड कर्मियों की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा कर समाधान के लिए आश्वासन दिया गया।
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए सभी उपस्थित रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को ORS पैकेट वितरित किए गए, ताकि वे डिहाइड्रेशन और गर्मीजनित बीमारियों से सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष मेडिकल चेकअप शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श दिए।
रिटायर्ड पुलिसकर्मियों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल सम्मान का भाव पैदा करते हैं, बल्कि विभाग और पूर्व कर्मचारियों के बीच संवाद व आत्मीयता को भी मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से सतत संपर्क बनाए रखना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनके स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजन ने विभाग और रिटायर्ड पुलिसकर्मियों के बीच संबंधों को नई मजबूती प्रदान की।

