जालौन

सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जिला पंचायत की आय बढ़ाना होगी प्राथमिकता – धर्मजीत त्रिपाठी 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जिला पंचायत जालौन में नवागत अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिला पंचायत की आय में वृद्धि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
वर्ष 2015 बैच के अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी मूल रूप से चित्रकूट जनपद के निवासी हैं। बुंदेलखंड क्षेत्र से होने के कारण उन्होंने कहा कि वे यहां की भौगोलिक, सामाजिक और विकास संबंधी चुनौतियों से भलीभांति परिचित हैं, जिसका लाभ जिले के विकास कार्यों में मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने के लिए ऑन सोर्स रेवेन्यू (ओएसआर) बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला पंचायत की दुकानों, परिसंपत्तियों, पट्टों तथा अन्य राजस्व स्रोतों से होने वाली आय में वृद्धि कर संस्था को सरकारी अनुदानों पर निर्भरता कम करने का प्रयास किया जाएगा। धर्मजीत त्रिपाठी ने कहा कि यदि जिला पंचायत की स्वयं की आय बढ़ती है तो सड़क निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं के विकास, रखरखाव एवं अन्य जनहितकारी कार्यों को और अधिक गति दी जा सकेगी। साथ ही कर्मचारियों के वेतन एवं प्रशासनिक व्यय के लिए भी संस्था अधिक आत्मनिर्भर बन सकेगी। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग, राजस्व स्रोतों का वैज्ञानिक प्रबंधन तथा नई संभावनाओं की तलाश के माध्यम से जिला पंचायत की वित्तीय स्थिति को मजबूत किया जाएगा। शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। अपने प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जिला पंचायत में आने से पूर्व उन्होंने लगभग आठ वर्षों तक मेरठ मंडल में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। इसके बाद उनकी तैनाती जिला पंचायत हमीरपुर में रही। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड दोनों क्षेत्रों में कार्य करने का अनुभव उन्हें विकास कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहायक होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के सहयोग से जिला पंचायत जालौन विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button