
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। नगर जालौन के मोहल्ला मुरली मनोहर निवासी एक दिव्यांग युवक और उसकी मां शनिवार को तहसील जालौन में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे और उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
दिव्यांग युवक अनिल पुत्र सुनील सोनी की मां सुनीता देवी ने बताया कि उनका पुत्र पूरी तरह से दिव्यांग है, जिसके कारण उसे आने-जाने में काफी परेशानी होती है। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है और उसके पिता भी बीमार रहते हैं। ऐसे में वे अपने पुत्र के लिए बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल खरीदने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की सुविधा और आत्मनिर्भरता के लिए ट्राइसाइकिल की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से वह अपने पुत्र के साथ संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं और उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही को प्रार्थना पत्र सौंपकर सहायता की मांग की। सुनीता देवी ने कहा कि यदि उनके पुत्र को बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल मिल जाती है तो उसे दैनिक कार्यों और आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर सहायता प्रदान करने की अपील की है। उप जिलाधिकारी रिंकू सिंह राही ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।



