मुस्लिम युवक द्वारा दीवार पर “श्रीराधा लाडो” नाम मिटाने पर हिंदू संगठनों का पुलिस चौकी पर हंगामा…
पुलिस ने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सर्राफा बाजार में एक दीवार पर लिखे श्री राधा लाडो नाम को लेकर आज विवाद उत्पन्न हो गया है। विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मेरठ गेट पुलिस चौकी और हापुड नगर कोतवाली पहुंचकर इस मामले में कार्यवाही की मांग करते हुए हंगामा किया । पुलिस ने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया है ।
जानकारी के अनुसार, हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेरठ गेट पुलिस चौकी के सामने एक दुकान पर सामाजिक संगठन के सहयोग से दुकानदार की सहमति से श्रीराधा लाडो नाम अंकित कराया गया था। आरोप है कि पास में जूस का ठेला लगाने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति ने इस नाम पर सफेद पेंट कर उसे ढक दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई। विरोध बढ़ने पर कथित आरोपी मुस्लिम व्यक्ति ने उसी स्थान पर दोबारा ‘श्री राधा लाडो’ नाम लिखवा दिया। लेकिन इसके बावजूद, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए आपत्ति जताई है । उनका कहना था कि धार्मिक नाम को मिटाने का प्रयास लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है और इस मामले में जूस विक्रेता मुस्लिम व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्यवाही होनी चाहिए।
हापुड़ नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।



