पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रथम पाली में लघुशंका के दौरान मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी….
एसपी ने दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा निवासी सचिन के विरुद्ध लिखा गया मुकदमा…
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के सर्वोदय इंटर कॉलेज सेंटर का मामला….
हापुड़ – जनपद हापुड के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के सर्वोदय इंटर कॉलेज में आयोजित हो रही पुलिस भर्ती परीक्षा की सुबह प्रथम पाली की परीक्षा में एक युवक को लघुशंका जाने के दौरान शौचालय में प्रतिबंधित पदार्थ की श्रेणी में आने वाले मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया है ।सूचना पर डीएम कविता मीणा और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंच गए और अभ्यर्थी से पूछताछ करते हुए जांच की, जिसके बाद एसपी ने लापरवाही बरतने पर ड्यूटी पर तैनात दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है । इस मामले में हापुड के एस पी ज्ञानंजय सिंह के आदेश पर पिलखुवा कोतवाली में नकल करने वाले अभ्यर्थी सचिन निवासी अमरोहा के विरुद्ध मुकदमा लिखा गया है ।
हापुड़ पुलिस ने मीडिया सेल के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया है कि , अवगत कराना है कि आज दिनांक 08.6.26. को आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 की प्रथम पाली में जनपद हापुड़ के थाना पिलखुआ क्षेत्रान्तर्गत स्थित परीक्षा केन्द्र सर्वोदय इंटर कॉलेज पिलखुआ पर चल रही परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी सचिन (अनुक्रमांक 4500701221) पुत्र छज्जू सिंह निवासी जनपद अमरोहा लघु शंका करने के बहाने पुरुषों के टॉयलेट रुम में गया । उसके वापस लौटने में विलम्ब होने पर कर्मचारी गण को सन्देह हुआ तो टॉयलेट खुलवाकर देखा गया और पाया कि उपरोक्त परीक्षार्थी सचिन के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है जो कि एक प्रतिबंधित वस्तु है । प्राथमिक पूछताछ पर उपरोक्त अभ्यर्थी सचिन के द्वारा बताया गया कि वह आज सवेरे परीक्षा केन्द्र के भीतर परीक्षा देने आते समय अपने अधोवस्त्रों के भीतर गुप्त रूप से एक मोबाइल फ़ोन को छिपाकर ले आया था और परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने से पूर्व ही उसने इसे पुरुषों के बाथरूम में छिपा दिया था। इस सम्बन्ध में उपरोक्त अभ्यर्थी सचिन के विरुद्ध परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने के फलस्वरूप वादी पुलिस केन्द्र प्रभारी श्री संजय सिंह निरीक्षक द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट मु.अ.सं.272/26 अंतर्गत धारा 3/4 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम , 2024 थाना पिलखुआ पर पंजीकृत कराई गयी है। चेकिंग फ्रिस्किंग की अति महत्वपूर्ण ड्यूटी पर नियुक्ति के दौरान लापरवाही बरतने वाले दो उपनिरीक्षक सहित कुल छह कर्मचारीगण को ड्यूटी से मुक्त करते हुए उनके विरुद्ध पुलिस अधीक्षक हापुड़ द्वारा निलम्बन की कार्यवाही सम्पादित की गई है



