गाजियाबाद
पत्रकारिता दिवस पर पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित
विज्ञापन की बढ़ती प्रतिस्पर्धा और राजनीति के दखल पर वक्ताओं ने जताई चिंता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पत्रकारिता दिवस के अवसर पर अंकुर विहार स्थित गोल्ड क्राउन मैरिज होम में “कलम के सजग प्रहरी” की ओर से भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ संपादकों, सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों पर अपना गंभीर चिंतन व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विशेष रूप से विज्ञापन की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, मीडिया संस्थानों पर बढ़ते आर्थिक दबाव तथा अखबारों और मीडिया से जुड़े लोगों के राजनीति में बढ़ते दखल को पत्रकारिता की निष्पक्षता के लिए गंभीर चुनौती बताया। साथ ही क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रमोद शर्मा, संपादक एवं टीवी विश्लेषक, ने अपने संबोधन में कहा कि आज पत्रकारिता से जुड़े लोग क ई प्रकार के दबावों के बीच कार्य कर रहे है। विज्ञापन आधारित व्यवस्था ने छोटे और क्षेत्रीय समाचार पत्रों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को जनहित और सच्चाई से समझौता किए बिना अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
वरिष्ठ संपादक सलामत मियां, जिन्होंने अखबार जगत में विशेष पहचान बनाई है, ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर प्रकाशित करने का माध्यम नहीं बल्कि समाज को दिशा देने का दायित्व भी है। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सुखपाल सिंह, संपादक नेशनल प्रेस टाइम्स, ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारों को निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। राजनीतिक हस्तक्षेप और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद पत्रकारों को समाज की आवाज बनकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शेखर कपूर, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके मीडिया व्यक्तित्व, ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवा पत्रकारों से तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सभी विशिष्ट अतिथियों को पगड़ी, माला एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उपहार स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन डी. पी. ओझा ने प्रभावशाली ढंग से किया।
समारोह में उपस्थित सभी पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
पत्रकारों के सम्मान के उपरांत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. प्रमेन्द्र जांगड़ा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आरती मिश्रा तथा लोनी की चेयरमैन रंजीता धामा ने भी अपने संबोधन में पत्रकारों की लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। डा. प्रमेन्द्र जांगड़ा ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, जबकि रंजीता धामा ने पत्रकारों को समाज का सजग प्रहरी बताते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर एक्टिव जनलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी,पवन चौधरी, पंकज शर्मा अंकुश जैन ‘मिकू’, रामनिवास त्रिपाठी, रुपेन्द्र चौधरी मनीष ठाकुर,सहित अनेक गणमान्य लोग एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और समाज के प्रति जिम्मेदारी को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।



