बागपत
132 केवी लाइन का पोल टूटा, दर्जनभर उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बाधित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। तेडा गांव के जंगल में सोमवार सुबह 132 केवी विद्युत लाइन का एक पोल टूट जाने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। पोल टूटने के कारण सराय और बिलोचपुरा 132 केवी बिजलीघरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे उनसे जुड़े करीब एक दर्जन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों की सप्लाई ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार, बड़ौत से सराय 132 केवी बिजलीघर को जाने वाली 132 केवी लाइन का पोल तेडा गांव के निकट अचानक क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। घटना के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
विद्युत विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत हर्षिया 132 केवी बिजलीघर से आपूर्ति जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके। हालांकि, कृषि कार्यों के लिए खेतों को मिलने वाली विद्युत आपूर्ति पोल की मरम्मत पूरी होने तक बंद रहेगी।
सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कर क्षेत्रवासियों को राहत दी जा सके।



