गोड्डा
गोड्डा के पथरगामा क्षेत्र में ठनका की घटना से दहला दिल
एक व्यक्ति की मौत, पांच ग्रामीण हुए मुर्छित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। गोड्डा जिला के पथरगामा थाना क्षेत्र के बरमसिया हाट में मंगलवार को ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से मुर्छित हो गए। बताया जाता है कि बरमसिया में साप्ताहिक हाट लगा हुआ था और ग्रामीण क्षेत्र का यह बहुत ही चर्चित हाट है। यहां काफी ग्रामीण खरीदारी करने के लिए आते हैं। तेज हवा के साथ बारिश के दौरान हाट परिसर में ठनका का गिर गया।
घटना के बाद पूरे हाट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं प्रशासन की मदद से सभी सभी मुर्छित लोगों को तत्काल 108 एंबुलेंस से पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बताया जाता है कि मृतक की पहचान काला डुमरिया गांव निवासी जमशेद अंसारी (52 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम पिता फकरुद्दीन अंसारी बताया जा रहा है। इधर, इस मामले में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान द्वारा उनके मौत की पुष्टि की गई है। बताया गया कि जमशेद अंसारी अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो पुत्रियां अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घायलों में तुलसीकित्ता निवासी दीपक कुमार भगत (45 वर्ष), बाड़ेडीह निवासी मलकु रमानी (60 वर्ष), केंदुआ निवासी रंजन रमानी (45 वर्ष), ऊपरबंधा निवासी बहादुर रमानी (60 वर्ष) तथा बारकोप निवासी चंद्रदीप महलदार (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों का पथरगामा अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, हाट-बाजार तथा पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है।




