पाकुड़ में गांजा बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, 51.06 ग्राम गांजा बरामद
Man arrested in Pakur for alleged cannabis sale; 51.06 grams of cannabis seized.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना क्षेत्र के देवपुर स्थित काली मंदिर के पीछे आम बगीचा के पास छापेमारी कर गांजा की बिक्री कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 25 पुड़िया गांजा, जिसका वजन लगभग 51.06 ग्राम है, बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के ग्राम देवपुर (बायपास रोड) स्थित काली मंदिर के पीछे आम बगीचा के पास अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची तो पाया कि एक व्यक्ति काले रंग की प्लास्टिक थैली से गांजा की पुड़िया निकालकर बेच रहा था। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद अन्य लोग भागने लगे। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाग रहे व्यक्ति को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिशु शेख (30 वर्ष), पिता सिराजुल शेख, निवासी देवपुर, थाना मुफस्सिल, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले रंग की प्लास्टिक थैली से 25 पुड़िया गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 51.06 ग्राम पाया गया। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 142/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20(b)(II)(A) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने किया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात, दिनेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विपीन कुमार यादव तथा नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



