ललितपुर

आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात से खोंखरा गांव में भारी तबाही

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त, पेड़ उखड़े, 50 से अधिक लोग घायल होने का दावा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम पंचायत कचनौदा अंतर्गत राजस्व ग्राम खोंखरा में 9 जून को आई बेमौसम आंधी, तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मौके पर जांच टीम भेजने, पीडि़तों को मुआवजा दिलाने तथा घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार 9 जून की शाम लगभग 3.30 बजे अचानक तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और वज्रपात शुरू हो गया, जिससे गांव में व्यापक नुकसान हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण सैकड़ों मकानों की छतें उड़ गईं, कई पेड़ धराशायी हो गए और लोगों की घरेलू संपत्ति को भी भारी क्षति पहुंची। ज्ञापन में दावा किया गया है कि आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 50 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से कई का उपचार जिला अस्पताल ललितपुर में चल रहा है, जबकि कुछ गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन अब तक मौके पर कोई प्रभावी सर्वेक्षण या राहत कार्य नहीं कराया गया है। इससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी बनी हुई है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व एवं संबंधित विभागों की टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए। साथ ही जिन परिवारों के मकान, पशु या अन्य संपत्ति को क्षति पहुंची है, उन्हें शासन की ओर से निर्धारित मुआवजा दिलाया जाए। घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने तथा आपदा राहत मद से आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों के सामने संकट खड़ा कर दिया है। ऐसे में शासन-प्रशासन को तत्काल राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू करना चाहिए ताकि प्रभावित परिवारों को सहायता मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button