बेतुल

बैतूल ग्रामसभा में अनुसूचित जाति समाज के अपमान का आरोप

दोषियों पर एफआईआर की मांग

कोटवार नियुक्ति विवाद ने पकड़ा तूल, मेहरा समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। आमला जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत हरन्या में आयोजित ग्रामसभा के दौरान अनुसूचित जाति मेहरा समाज के लोगों के साथ कथित रूप से जातिसूचक अभद्र व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर मेहरा समाज संगठन ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मेहरा समाज संगठन जिला अध्यक्ष संतु सूर्यवंशी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 5 जून को ग्राम पंचायत हरन्या में कोटवार नियुक्ति को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई थी। सभा में जनपद पंचायत के नोडल अधिकारी, सरपंच, सचिव, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ज्ञापन के अनुसार कोटवार नियुक्ति के आवेदन पर चर्चा के दौरान अधिकांश लोगों ने अनुसूचित जाति वर्ग से कोटवार नियुक्त करने की बात कही। इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए अन्य वर्ग के व्यक्ति को कोटवार बनाए जाने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान ग्राम के एक व्यक्ति ने मेहरा समाज के खिलाफ कथित रूप से जातिसूचक और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जबकि अन्य लोगों ने उसका समर्थन किया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सभा स्थल के बाहर भी समाज विशेष के लोगों को अपमानित करने और धमकी देने जैसी बातें कही गईं। संगठन का दावा है कि इस पूरी घटना के वीडियो ग्रामसभा में लगाए गए कैमरे में उपलब्ध हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि मेहरा समाज के लोगों को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा है। संगठन ने वर्ष 2022 में भी इसी प्रकार के कथित घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते समाज के व्यक्ति को कोटवार पद से हटाया गया था। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में ग्राम पंचायत हरन्या में कोटवार पद के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के नौ आवेदन लंबित हैं तथा परंपरागत रूप से इस पद पर अनुसूचित जाति वर्ग के लोग कार्य करते आए हैं।
मेहरा समाज संगठन ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान मध्यप्रदेश मेहरा समाज संगठन के अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष छन्नू बेले, शिक्षा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष जी.सी. पूर्वे, संरक्षक रमेश उपराले,युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंद्रभान बडौदे, कोषाध्यक्ष गोपाल बिहारे, संरक्षक गंगाराम घुड़ाले, बैतूल ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सूर्यवंशी, मुलताई ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्र उपराले, जनपद सदस्य बबीता उपराले, नगर अध्यक्ष ओंकार मोरले, सुरेश चौहान, निगम बेले, सूरज पंडोले, रोशन भुमरकर, सनी गोहे, करण पंडोले, आशीष पंडोले, राजा पाटिल, नारायण उपराले, बबलू पंडोले, रितेश मगरदे, गंगाराम बिसन्द्रे सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
 ज्ञापन में संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने तथा कानून अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button