गोड्डा

अपील दायर करने हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित

विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायालय द्वारा पारित बरी आदेशों की समीक्षा कर अपील की संभावनाओं पर किया गया विचार-विमर्श

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी – सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में बरी (Acquittal) मामलों में अपील (Acquittal Appeal) दायर किए जाने के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न न्यायालयों द्वारा पारित बरी आदेशों से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति द्वारा अभियोजन पक्ष के प्रस्तुत तथ्यों, साक्ष्यों, न्यायालय के निर्णयों एवं विधिक पहलुओं का गहन परीक्षण करते हुए यह विचार किया गया कि किन मामलों में माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष अपील दायर किए जाने की आवश्यकता एवं औचित्य है।
उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिनमें उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों के आधार पर अपील की पर्याप्त संभावना हो। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक मामले का तथ्यों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप परीक्षण किया जाना आवश्यक है। बैठक में अभियोजन से संबंधित अधिकारियों द्वारा मामलों की अद्यतन स्थिति से समिति को अवगत कराया गया तथा अपील प्रस्तावित किए जाने योग्य मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति द्वारा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई हेतु विधि सम्मत निर्णय लिए गए तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, लोक अभियोजक, अभियोजन पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button