गोड्डा
उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पदाधिकारियों को दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के आम नागरिकों को विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन एवं ऑफलाइन जाति, आवासीय (निवासी) एवं आय प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में हो रही समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रमाण-पत्रों के निर्गमन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक विलंबिता अथवा तकनीकी समस्या के कारण आमजनों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आमजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने बताया कि आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में 15 जून से 17 जून तक तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान प्रमाण-पत्रों से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा, नए आवेदनों की प्राप्ति, आवेदन पत्रों में पाई गई त्रुटियों का निराकरण, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में उत्पन्न तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस विशेष अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदक की समस्या का गंभीरतापूर्वक निराकरण किया जाए तथा उन्हें आवश्यक सहयोग एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाए। दौरान उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा एवं महागामा को निर्देश दिया कि वे संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की नियमित निगरानी एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविर का आयोजन सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी होना चाहिए ताकि आम नागरिकों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
उपायुक्त ने प्रशासक, नगर परिषद् गोड्डा एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत महागामा को भी अपने-अपने नगर निकाय क्षेत्रों में तीन दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, गोड्डा एवं सी.एस.सी. मैनेजर, गोड्डा को निर्देश दिया गया कि शिविर के सफल संचालन हेतु आवश्यकता के अनुसार तकनीकी सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि ऑनलाइन आवेदन एवं प्रमाण-पत्र निर्गमन से संबंधित कार्यों का निष्पादन सुचारू रूप से किया जा सके। उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को उक्त कार्यक्रम का वरीय पदाधिकारी नामित करते हुए निर्देश दिया कि शिविर के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां, समन्वय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों, निष्पादित मामलों एवं लंबित प्रकरणों का प्रतिदिन प्रतिवेदन तैयार कर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्यक्रम की सतत निगरानी, समीक्षा एवं मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।



