ललितपुर

 लिधौरा में कृषक गोष्ठी आयोजित

किसानों को दी गई आधुनिक खेती और मृदा संरक्षण की जानकारी

विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि विभाग ने योजनाओं से कराया अवगत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत ग्राम लिधौरा में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती, मृदा संरक्षण तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। गोष्ठी में न्याय पंचायत प्रभारी संजय दुबे (एटीएम), वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (एसएमएस) युवराज यदुवंशी, सहायक विकास अधिकारी कृषि (एडीओ एजी) संजीव शर्मा, मथुरा प्रसाद (टीएसी), स्वेच्छा सोनी (टीएसी), संतोष चौहान (बीटीएम), अखलेश राय एवं सौरभ यदुवंशी (एटीएम) सहित ग्राम प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को विस्तार से दी गई। अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने, विभागीय योजनाओं का लाभ लेने तथा आगामी फसल सीजन को ध्यान में रखते हुए समय से बीज बुकिंग कराने के लिए प्रेरित किया। खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने मृदा की उर्वरता बनाए रखने, जैविक एवं संतुलित उर्वरकों के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा भूमि संरक्षण के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला। किसानों को बताया गया कि मृदा स्वास्थ्य बेहतर होने से उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ खेती की लागत भी कम की जा सकती है। गोष्ठी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। जिन किसानों की सम्मान निधि किसी कारणवश रुकी हुई है, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देकर समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से खेती संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं पर चर्चा की, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button