जालौन

गंगा-जमुना क्षेत्रीय गहोई वैश्य सभा का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। नगर के अमृता पैलेस सभागार में गंगा-जमुना क्षेत्रीय गहोई वैश्य सभा का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्यामबिहारी गुप्ता रहे, जबकि अध्यक्षता अखिल भारतीय गहोई वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल छिरौलया ‘डल्लू भइया’ ने की। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय महामंत्री दीपक सांवला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोहन कनकने तथा विधायक मूलचंद निरंजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष रघुवीर शरण महतेले ‘राजू’ को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही सभा की समस्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण की। समारोह में गंगा-जमुना क्षेत्रीय गहोई वरिष्ठ संघ, महिला सभा तथा नवयुवक मंडल के पदाधिकारियों का भी शपथ ग्रहण संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सभागार में समाज की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि श्यामबिहारी गुप्ता ने कहा कि गहोई समाज देश के करदाताओं में अग्रणी है तथा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी सबसे अधिक सहयोग करता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पहचान और परंपराओं पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने समाज की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल छिरौलया ‘डल्लू भइया’ ने कहा कि गहोई समाज देश के बड़े संगठित समाजों में शामिल है, लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में उसे अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीतिक रूप से भी अपनी ताकत प्रदर्शित करने का आह्वान किया। साथ ही चित्रकूट भवन के निर्माण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से प्रतिदिन एक रुपये के सहयोग का संकल्प लेने का आग्रह किया, ताकि भवन को भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके। विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि गहोई समाज का उन्हें तथा भारतीय जनता पार्टी को सदैव भरपूर समर्थन मिलता रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज के हितों और विकास के लिए वह हर समय सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रघुवीर शरण महतेले ‘राजू’ ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और समाज के हितों के लिए हरसंभव कार्य करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक अजीत बजाज एवं अंकित कस्तवार रहे, जबकि स्वागताध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता थे। कार्यक्रम का संचालन मोहित सिपौलया ने किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button