ललितपुर

शराब पार्टी में युवक की हत्या, 6 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

मालिश करने से इंकार पर बेल्ट और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर की हत्या

हादसा दिखाने के लिए सड़क किनारे फेंका शव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए घटना के मात्र छह घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में तीनों आरोपियों ने अपने साथी की बेल्ट और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह एवं सीओ सदर सुनील भारद्वाज के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 38 वर्षीय सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन निवासी सिविल लाइन, 37 वर्षीय गजेन्द्र नरवरिया उर्फ गजेन्द्र सिंह राजपूत निवासी पुराना सूचना केन्द्र तथा 25 वर्षीय गौरव रैकवार निवासी वर्णी कॉलेज के पीछे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मृतक राजकुमार उर्फ छन्नू को आरोपियों ने 13 जून को अपने साथ शराब पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुबह से चारों लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने राजकुमार से पैरों की मालिश करने को कहा, जिस पर वह नाराज हो गया और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढऩे पर शराब के नशे में धुत आरोपियों ने बेल्ट और लोहे की रॉड से राजकुमार की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की मौत के बाद आरोपियों ने अपना अपराध छिपाने के उद्देश्य से शव को घर से उठाकर गुरुनानक धर्मशाला, नई बस्ती के पास सड़क किनारे रख दिया, ताकि घटना सड़क दुर्घटना प्रतीत हो। हालांकि पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध पाया गया और वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के साथ सर्विलांस की मदद से पूरी घटना का खुलासा हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। कोतवाली पुलिस, स्वॉट टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन और गजेन्द्र नरवरिया के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम, प्रभारी स्वॉट टीम अतुल तिवारी तथा प्रभारी सर्विलांस सेल अरुण पवार एवं उनकी टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय में पेश किया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button