ललितपुर
शहजाद नदी पर निर्माणाधीन सेतु का विधायक ने किया निरीक्षण
अधिकारियों को दिए गुणवत्ता व समयबद्धता के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर ललितपुर क्षेत्र में शहजाद नदी पर निर्माणाधीन सेतु का सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से सेतु निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि शहजाद नदी पर बन रहा यह सेतु क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। पुल के निर्माण से नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह सेतु उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सदर विधायक ने निर्माण कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह पुल ललितपुर के लोगों को समर्पित किया जाएगा और इससे हजारों नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।
