ललितपुर
ग्राम रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांगें उठाईं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संगठन के बैनर तले ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश के लगभग 36 हजार संविदा ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की प्रमुख मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले लगभग 17 वर्षों से ग्राम पंचायतों में मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। संगठन का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों का कार्यभार ग्राम रोजगार सेवकों के माध्यम से संचालित हो रहा है, इसलिए उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाना आवश्यक है। ग्राम रोजगार सेवकों ने मांग की कि उन्हें राज्य कर्मचारियों के समान वेतनमान, भत्ते एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं। साथ ही श्रमिकों एवं कर्मचारियों की तरह ईपीएफ, बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा दुर्घटना बीमा (पॉलिसी) का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन में न्यूनतम मानदेय बढ़ाने तथा समय से भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि कई जिलों में ग्राम रोजगार सेवकों का 2 से 4 माह का मानदेय बकाया चल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए मासिक मानदेय भुगतान हेतु पृथक बजट की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में ग्राम पंचायत स्तर पर मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, ग्राम रोजगार सेवकों के सेवा संबंधी अधिकारों को स्पष्ट करने तथा उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने संबंधी मांगें भी शामिल हैं। संगठन ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह बुन्देला, महामंत्री धर्मेंद्र तिवारी, अजित कुमार, हरीराम कुशवाहा, विनोद कुमार, बृजवेन्द्र कुमार, आजम खान, निर्बल, सुरेन्द्र सिंह, अखिलेन्द्र कुमार नायक, रामसेवक, अजीत सिंह परमार, धर्मेंद्र तिवारी, भागीरथ राठौर, अर्जुन सिंह, मोहनलाल, राकेश कुमार, घनश्याम, रामस्वरूप, हरीशंकर, दीपचंद्र, रामभरोसे, संतोष कुमार, सुखदेव, मोहनलाल, सुन्दरलाल, मनोज साहू, सुखलाल, मकुन्दसिंह, रामस्वरूप, रमन सिंह, मेघराज सिंह, शैलेन्द्र, लक्ष्मी प्रसाद, परशुराम तिवारी, तुलसीराम, भागीरथ, संतोष, कन्हैयालाल, कृष्णपाल सिंह, रामनरेश, अजय कुमार, इन्द्रभान सिंह, वीरन कुमार, रामप्रताप सिंह, छोटेलाल के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।



