जालौन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह का भव्य शुभारंभ, स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का दिया संदेश 

 जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी व जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम से किया शुभारंभ 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)।​ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रम का जनपद जालौन में भव्य शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी व जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। उन्होंने सभी से नियमित योग करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली एवं बढ़ते तनाव के बीच योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग संबंधी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योगाचार्यों द्वारा योगाभ्यास एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया गया तथा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों के लाभों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button