
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा जिला अंतर्गत ठाकुर गंगटी थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ लगातार मिल रही धमकियों की लिखित शिकायत किए जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह हुआ कि अपराधियों ने घर में घुसकर एक परिवार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में गंभीर रूप से घायल पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है.
मृतक की पहचान बनियाडीह गांव के मनीलाल मंडल 65 बर्ष के रूप में हुई है। वहीं उनकी पत्नी रीता देवी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। रीता देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
*क्या है पूरा मामला?*
पीड़ित पुत्र सह माल मंडरो मंडल के भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी पिंकू मंडल ने बताया कि उन्हें काफी समय से लगातार पड़ोसियों द्वारा जान से मारने की धमकियाँ मिल रही थीं। इस संबंध में उन्होंने ठाकुर गंगटी थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई थी. इसके अलावा उन्होंने सर्किल इंस्पेक्टर मैडम को भी लिखित शिकायत सौंपी थी, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और न ही कोई सुरक्षात्मक कदम उठाए गए। पीड़ित पुत्र के अनुसार, इससे पूर्व भी 7 मई 2026 को 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया था। पुलिस की सुस्ती को देखते हुए उन्होंने 13 तारीख को खुद एसपी मुकेश कुमार से मुलाकात की थी।एसपी के हस्तक्षेप के बाद ठाकुर गंगटी पुलिस हरकत में आई, मामला दर्ज हुआ और जाँच अधिकारी घटनास्थल पर तफ्तीश के लिए पहुंचे।
दबंगों ने सोमवार शाम को घर में घुसकर किया था हमला
पीड़ित ने बताया कि सोमवार की शाम को करीब 6:00 बजे जब वह अपने घर पर थे, तब रतन पासवान नामक व्यक्ति संदिग्ध रूप से उनके घर के आस-पास रेकी कर रहा था। इसके कुछ ही देर बाद धर्मेंद्र मंडल, रतन पासवान, अशोक पासवान, बिस्सू पासवान, साजन पासवान और छोटू मंडल अचानक उनके घर में जबरन घुस आए। दबंगों के हाथों में धारदार हथियार (खंती/रॉड) थे, जिससे उन्होंने सीधे पिता के सिर पर वार करते हुए जानलेवा हमला बोल दिया। पिता को बचाने जब माँ रीता देवी आगे आईं, तो दबंगों ने उन पर भी बर्बरता से हमला कर दिया. हमले में माता-पिता दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.
अस्पताल ले जाने के दौरान पिता ने तोड़ा दम
पुत्र ने बताया कि घटना के बाद आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाई गई और घायलों को हरि देवी रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहाँ दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया। लेकिन गोड्डा लाने के क्रम में ही रास्ते में घोड़ीचक के समीप पिता मनीलाल मंडल ने दम तोड़ दिया। वहीं, माँ रीता देवी का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के दो बेटे और दो बेटियाँ हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं। फिलहाल गोड्डा नगर थाना पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।




