
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
उरई। आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर नगर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप सिंह ने नगर के सभी सफाई नायकों के साथ समीक्षा बैठक कर स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों एवं धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों, इमाम चौक, ताजिया स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संदीप सिंह ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित स्थानों पर समयबद्ध तरीके से सफाई कार्य कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चूने का छिड़काव कराने, कूड़ा-करकट का नियमित निस्तारण करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सफाई नायकों से अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी समस्या की तत्काल सूचना अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया। नगर प्रशासन का लक्ष्य मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है।
