बरेली
बरेली रेंज में मोहर्रम पर हाई अलर्ट, जुलूस, ताजियों पर ड्रोन-सीटीवी से होगी कड़ी निगरानी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : मोहर्रम पर्व को लेकर बरेली रेंज हाई अलर्ट पर है। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी के निर्देशन में चारों जिलों में अभेद सुरक्षा घेरा बना दिया गया है। प्रशासन ने जुलूसों और ताजियों को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है। कानून व्यवस्था से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।1384 जुलूस, 2128 ताजिए, 357 कर्बला – हर जगह पुलिस बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कुल 1384 जुलूस निकाले जाएंगे। 2128 ताजिए रखे जाएंगे और 357 कर्बलाओं पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे रेंज को 55 जोन और 202 सेक्टर में बांट दिया गया है। हर जोन-सेक्टर पर एक जिम्मेदार अधिकारी तैनात रहेगा। संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों पर ड्रोन से लगातार निगरानी होगी। हर चौराहे और कर्बला पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल अलर्ट मोड पर है। भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 238 क्विक रिस्पांस टीम QRT गठित की गई हैं। इसके अलावा 6 कंपनियां PAC, SDRF और बाढ़ राहत बल भी तैनात किए गए हैं। हजारों पुलिसकर्मी जुलूस मार्गों पर ड्यूटी करेंगे। हर स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं
12 फीट से ऊंचे ताजिए नहीं बनेंगे। बिजली लाइनों का खास ध्यान रखा जाएगा। जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग और समय सीमा में ही निकलेंगे। कोई नया रूट या परंपरा नहीं चलेगी।
जुलूस में हथियारों का प्रदर्शन और खतरनाक करतब पूरी तरह बैन।
हर आयोजक और मुतवल्ली को लिखित जिम्मेदारी देनी होगी।
जुलूस मार्गों पर किसी भी बाधा या अवांछनीय गतिविधि को रोकने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मोहर्रम को भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। शांति भंग करने और नियम को तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।


