बरेली
मुहर्रम पर ड्रोन से नजर, एसपी सिटी मानुष पारिक ने किया फ्लैग मार्च

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : मुहर्रम को लेकर बरेली पुलिस ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एसपी सिटी मानुष पारिक ने गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के मलूकपुर चौकी फतेह निशान झंडे पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पैदल फ्लैग मार्च किया।
मुहर्रम पर जिले में कुल 966 जुलूस निकाले जाएंगे। इनमें 25 और 26 तारीख को जुलूसों की संख्या सबसे अधिक होगी। मुहर्रम के दौरान कुल 1,033 ताजियेदार शामिल होंगे और 135 कर्बला में इन जुलूसों की समाप्ति होगी। जिले में 95 अंजुमनें और 22 मजलिसों का आयोजन होगा। मुहर्रम के उपलक्ष्य में पूरे जनपद में कुल 58 मेलों का आयोजन किया जाएगा
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी थानों, चौकियों, सर्किलों और जिला स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें संपन्न हो चुकी हैं। SP सिटी मानुष पारिक ने बताया कि पीस कमेटी की बैठकों में ताजियेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 12 फीट से अधिक ऊंचाई का कोई भी ताजिया तैयार न करें, ताकि हाई टेंशन लाइन या बिजली के तारों से सुरक्षा बनी रहे। एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि पुलिस बल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टीमों और PAC की तीन कंपनियों को तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है और फ्लैग मार्च निकाला गया है। अति संवेदनशील क्षेत्रों में 360 डिग्री कैमरे से लैस PRV की तैनाती की गई है।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने कहा कि डिजिटल वालंटियर्स के माध्यम से सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। SSP के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मानुष पारिक एसपी सिटी ने पुलिस फोर्स के साथ कोतवाली के मलूकपुर चौकी फतेह निशान झंडे पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। SP सिटी मानुष पारिक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और जनता से बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए।



