ललितपुर

 केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित

सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी ने खींचा लोगों का ध्यान, किसानों को वितरित किए गए कृषि यंत्र एवं प्रशस्ति पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में जीआईसी सभागार में विकास प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना तथा किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनोहर लाल, विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, राज्य महिला आयोग सदस्या अर्चना पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सूचना एवं कृषि विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को चित्रों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। सूचना विभाग की एलईडी वैन के जरिए योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। बुंदेली लोक कलाकारों ने राई और सैरा लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान राज्यमंत्री, सदर विधायक, आयोग सदस्या, महामंत्री ने संबोधित किया। डीडी कृषि अख्तर हुसैन ने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताया। कृषि वैज्ञानिक डा.अनुज कुमार गौतम ने देशी गाय आधारित प्राकृतिक खेती को आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था का आधार बताया। अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा कृषक लाभार्थियों को कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों की डेमो चाबियां एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। चाबियां प्राप्त कर किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, कृषि वैज्ञानिक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button