शामली

ट्यूबवेल चोरी कांड का खुलासा

झिंझाना पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा,चोरी का सामान बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। थाना झिंझाना पुलिस ने क्षेत्र के कई गांवों में ट्यूबवेलों और नलकूपों से हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 70 मीटर केबल, दो स्टार्टर और एक बिसौली बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है, जो लगातार हो रही चोरियों से परेशान थे।
पुलिस के अनुसार 17/18 जून 2026 की रात ग्राम ओदरी तथा 18 जून की रात ग्राम अजीजपुर, काला माजरा, केरटू और सूबरी के जंगलों में स्थित ट्यूबवेलों और नलकूपों को चोरों ने निशाना बनाया था। अज्ञात बदमाशों द्वारा केबल और अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए थे। पीड़ित किसानों की शिकायत पर थाना झिंझाना में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना झिंझाना पुलिस ने जांच तेज की। इसी क्रम में पुलिस ने ग्राम दभेड़ी डेरा निवासी पवित्र पुत्र गुरमुख सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र अधाना, हेड कांस्टेबल अमित कुमार तथा कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button