भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि योगपीठ समिति ने एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल : अस्पताल प्रशासन के आह्वान पर आयोजित इस शिविर में कुल 20 लोगों ने रक्तदान किया। रविवार को आयोजित हुआ यह कार्यक्रम दोपहर 02 बजे शुरू हुआ और 03:30 बजे सम्पन्न हुआ है।
तहसील प्रभारी विकास कुमार वर्मा के नेतृत्व में अमित शुक्ला, विशाल वर्मा, वीकेश शर्मा, संजीव सैनी, संजय देवल, मौलिक शुक्ला, मनोज भारद्वाज, अनमोल भारद्वाज और रूही गुप्ता सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी, मनोज कुमार और आयुष कुमार भी उपस्थित रहे।
रक्तदान करने वालों में रूही गुप्ता ने बताया कि उन्होंने जीवन में पहली बार रक्तदान किया है और उन्हें बहुत खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने सरकारी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके ससुर कुलदीप ऐरण ने उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया। रूही ने सभी से रक्तदान करने की अपील करते हुए इसे एक बड़ा दान बताया, जिससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है।
एडवोकेट संजीव सैनी, जिनका ब्लड ग्रुप ओ पॉजिटिव (O+) है, ने कहा कि वह समय-समय पर रक्तदान करते रहते हैं ताकि जरूरतमंदों को रक्त की आपूर्ति होती रहे। उन्होंने सभी से कम से कम एक बार रक्तदान करने का आह्वान किया, जिससे रक्त शुद्ध होता है और नया रक्त बनता है।
विकास वर्मा ने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए कहा कि इससे बेहतर कोई कार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि यह रक्त गंभीर बीमारियों से ग्रस्त या दुर्घटना में घायल हुए लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। वर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, और यह सीधे इंसान को ही चढ़ाया जाता है, इसलिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है जिसे सभी को करना चाहिए।
सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त का संचार होता है। किसी के भी द्वारा दिया गया किसी जरूरतमंद के काम आता है और उसकी जिंदगी को एक नई जिंदगी मिलती है। स्वस्थ लोगों को रक्तदान करते रहना चाहिए, इसलिए रक्तदान को महादान कहा जाता है।



