शामली
मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय चेन स्नेचर घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झिंझाना। थाना झिंझाना पुलिस ने बुधवार को हरसाना कट्ठा पुल के निकट चेकिंग के दौरान एक अंतर्राज्यीय अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्धों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जगत सिंह निवासी खानपुर जाटान गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी कर्नाटक और मध्य प्रदेश में चेन स्नेचिंग के मामलों में वांछित बताया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी गौरव कुमार भी घायल हो गए। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान चला रही है।