ललितपुर

जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, हजारों लीटर पेयजल बहकर बर्बाद

नगवास ग्राम पंचायत के पास कई दिनों से हो रहा पानी का रिसाव, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत नगवास ग्राम पंचायत के पास जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। पाइपलाइन में हुए रिसाव के कारण लगातार पानी सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे एक ओर जहां बहुमूल्य पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम की पाइपलाइन काफी समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसकी मरम्मत के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण बड़ी मात्रा में स्वच्छ पेयजल नष्ट हो रहा है। गौरतलब है कि मौसम वैज्ञानिकों द्वारा अल नीनो प्रभाव के चलते देश के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे समय में जल संरक्षण की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। विशेषज्ञ लगातार लोगों से पानी बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण की अपील कर रहे हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते कीमती पानी की बर्बादी चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि जल संरक्षण केवल आम लोगों की ही नहीं बल्कि संबंधित विभागों की भी जिम्मेदारी है। यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जल निगम के अधिकारियों से शीघ्र संज्ञान लेकर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने तथा पेयजल की बर्बादी रोकने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button