23 जुलाई के बाद कई कॉलोनियों में बंद होगी एलपीजी गैस आपूर्ति
पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य, जिला पूर्ति अधिकारी ने जारी की अंतिम चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली :जनपद के उन क्षेत्रों में जहां पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले उपभोक्ताओं को अब अनिवार्य रूप से पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। ऐसा नहीं करने पर 23 जुलाई 2026 के बाद घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिन क्षेत्रों में अधिकृत संस्था आईजीएल द्वारा पीएनजी पाइपलाइन का नेटवर्क स्थापित किया जा चुका है, वहां घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि कमला कॉलोनी सहित आदर्श विहार, सीबी गुप्ता कॉलोनी, चौधरी चरण सिंह कॉलोनी, दयानंद नगर, देवयोग एन्क्लेव, गगन विहार, गैर बुखारी, जाट कॉलोनी, काका नगर, काम्बोज कॉलोनी, पंजाबी कॉलोनी, रेलपार, रणजीत नगर, सलेक विहार, शिव विहार, ताजपुरा सिम्भालका और टीचर्स कॉलोनी के निवासियों को अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि से पूर्व पीएनजी कनेक्शन लेकर भविष्य में होने वाली असुविधा से बचें। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनहित में लिया गया है।