गाजियाबाद

लोनी बॉर्डर में स्पीकर फैक्ट्री में भीषण आग

पड़ोसी मकान भी चपेट में आया; देर शाम तक नहीं पाया जा सका आग पर काबू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी बोर्डर क्षेत्र की गुलाब वाटिका कॉलोनी में गली नंबर-18 स्थित मलूक गोस्वामी के मकान में संचालित स्पीकर फैक्ट्री में रविवार शाम लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेज थी कि उसने पड़ोसी मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और स्थानीय लोग आग पर काबू पाने में जुटे हुए थे, लेकिन आग पूरी तरह नहीं बुझाई जा सकी थी।
जानकारी के अनुसार, मलूक गोस्वामी के मकान में स्पीकर बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री सीलमपुर (दिल्ली) निवासी शाहरुख ने किराये पर ले रखी थी। फैक्ट्री रोजाना की तरह शाम करीब चार बजे बंद कर दी गई थी, जबकि आग करीब पांच बजे के आसपास लगी। आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। मकान की सभी मंजिलों पर रखा स्पीकर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की गर्मी से मकान के लिंटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का सामना जलकर स्वाहा हो गया है।
आग ने गोदाम के पीछे  स्थित मुकेश गुर्जर उर्फ मुक्की, पुत्र देशराज, निवासी रणबीर नगर के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर वहां भी फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। मुकेश गुर्जर के मकान में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी अभी नहीं मिल सकी है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर बताए गए, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान आग लगातार फैलती रही। गली में लोगों की भारी भीड़ होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया, लेकिन बीच-बीच में फैक्ट्री में दोबारा आग भड़कने की सूचना भी मिलती रही। देर रात तक फायर ब्रिगेड की टीम और आसपास के लोग आग बुझाने में जुटे रहे।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि किसी के हताहत होने की  कोई सूचना नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button