
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। पुलिस आयुक्त की ओर से जारी आदेश के तहत कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। इनमें चार थानों के प्रभारी भी बदल दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक टीला मोड़ रवि कुमार बलियान और प्रभारी निरीक्षक लोनी बॉर्डर मनीष बिष्ट को पुलिस लाइंस भेजा गया है। पुलिस लाइंस में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को लोनी बॉर्डर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक ट्रॉनिका सिटी प्रभु दयाल को टीला मोड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी निरीक्षक सिहानी गेट कुलदीप कुमार दीक्षित को ट्रॉनिका सिटी का प्रभारी बनाया गया है। अतिरिक्त निरीक्षक कोतवाली राजकुमार गिरि को सिहानी गेट का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अतिरिक्त निरीक्षक लोनी बॉर्डर ओम प्रबल सिंह का तबादला अतिरिक्त निरीक्षक कोतवाली के पद पर किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।



