असम के दरंग जिले में ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ का शुभारंभ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : देशभर के साथ-साथ गुरुवार को असम के दरंग जिले में भी ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ का शुभ उद्घाटन जिला पुस्तकालय सभागार, मंगलदोई में आयोजित एक भव्य समारोह के माध्यम से किया गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ आजीविका के अवसर सृजित कर अंतिम व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित असम सरकार की मत्स्य, पशुपालन आदि विभाग की मंत्री निलीमा देवी ने औपचारिक रूप से योजना का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) और ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ के बीच मौलिक अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि नई योजना ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और स्थायी संपत्ति निर्माण पर अधिक जोर देती है। उन्होंने योजना के सही और परिणामोन्मुख क्रियान्वयन की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार गांव और शहर के बीच असमानता दूर कर संतुलित विकास के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। वित्तीय प्रावधान और रोजगार गारंटीमंत्री ने बताया कि प्रत्येक पंचायती राज संस्थान को विकासात्मक गतिविधियों के क्रियान्वयन हेतु प्रतिवर्ष लगभग 2 करोड़ रुपये के अनुदान की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सुरक्षा और स्थिर आय का स्रोत मिल सकेगा। उन्होंने पंचायती प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास योजनाओं का जिम्मेदार और पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। अपने भाषण में निलीमा देवी ने यह भी आग्रह किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक वार्ड के अंतिम योग्य हितग्राही तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से सतर्क, जवाबदेह और संवेदनशील रहकर कार्य करने का आह्वान किया।उद्घाटन समारोह में सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. परमानंद राजवंशी, दलगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक मजिबुर रहमान, असम मत्स्य विकास निगम के अध्यक्ष गुरुज्योति दास, दरंग जिला परिषद की अध्यक्षा शेवाली गोस्वामी कलिता तथा दरंग की आयुक्त आयुषी जैन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और अपने वक्तव्य में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों और भागीदारों से समन्वय और निष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की। उल्लेखनीय है कि उद्घाटन समारोह में दरंग जिले के 75 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधि, जिला परिषद के 12 सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित केंद्रीय शुभ उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।



