ललितपुर

दिव्यांगजनों को नि:शुल्क मिलेंगे कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण

कल से विकास खंडवार लगेंगे चिन्हांकन शिविर

सीडीओ शेषनाथ चौहान ने जारी किए निर्देश
व्यापक प्रचार-प्रसार और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत विशेष चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सीडीओ शेषनाथ चौहान ने इस संबंध में सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए शिविरों के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा है। सीडीओ ने बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों में 4 से 18 जुलाई 2026 तक सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा। चिन्हित लाभार्थियों को बाद में विभाग की ओर से निशुल्क उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविरों का आयोजन विकास खंडवार निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। 4 जुलाई को नगर पंचायत तालबेहट क्षेत्र के खांदी ग्राम पंचायत स्थित ध्रुव कोटि मंदिर, 6 जुलाई को पंचायत भवन सौजना, 9 जुलाई को पंचायत भवन बांसी, 10 जुलाई को पंचायत भवन बानपुर, 13 जुलाई को पाली तहसील सभागार, 14 जुलाई को पंचायत भवन धौर्रा, 16 जुलाई को पंचायत भवन नाराहट तथा 18 जुलाई को विकास खंड मड़ावरा के सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित होंगे। योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों को शिविर में आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड तथा दिव्यांगता प्रदर्शित करती हुई पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। बिना आवश्यक अभिलेखों के लाभार्थियों का पंजीकरण संभव नहीं होगा। सीडीओ ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन योजना के लाभ से वंचित न रहे। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविर स्थलों पर पंजीकरण के लिए पर्याप्त स्थान, विशेषज्ञों के बैठने की व्यवस्था, मेज-कुर्सियां, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कंप्यूटरीकृत पंजीकरण की सुविधा, दिव्यांगजनों के बैठने के लिए उचित इंतजाम तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि शिविरों का संचालन पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीडीओ शेषनाथ चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button