ललितपुर
पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन
नाजिया इलाही पर एफआईआर की मांग

जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर मुस्लिम समुदाय में नाराजगी देखने को मिली। जमीयत उलेमा-ए-हिंद, ललितपुर के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नाजिया इलाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के जनरल सेक्रेटरी हाफिज मोहम्मद हिजकैल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नाजिया इलाही ने इस्लाम धर्म के पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं और समुदाय में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस प्रकार के कथित बयान सामाजिक सौहार्द और धार्मिक सद्भाव को प्रभावित कर सकते हैं। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी धर्मों और महापुरुषों का सम्मान बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई कर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखा जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मोहम्मद इब्राहिम, नदीम, मोहम्मद खालिद, हबीब खान, समद खान, आरिफ मंसूरी, अरबाज, मोहम्मद जावेद सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।

