बाराबंकी
बाराबंकी में ग्रीन चौपाल का भव्य आयोजन
वन मंत्री ने किया वृक्षारोपण एवं हरित जनजागरण अभियान का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी वन महोत्सव–2026 के अंतर्गत बाराबंकी वन प्रभाग द्वारा 1 से 7 जुलाई तक जनपद की सभी वन रेंजों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को हरख वन रेंज के अंतर्गत सतिरिख खास स्थित बक्कीदास बाबा मंदिर परिसर में “ग्रीन चौपाल” का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे। उन्होंने बरगद के पौधे का रोपण कर प्रदेशव्यापी वन महोत्सव अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी (आईएफएस), अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (सामाजिक वानिकी) दीपक कुमार, अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (प्रोजेक्ट टाइगर) राम कुमार, मुख्य वन संरक्षक मध्य क्षेत्र डॉ. रेणु सिंह, वन संरक्षक अयोध्या समीर कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी बाराबंकी आकाश दीप बधावन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा नीम, आम, महोगनी, कचनार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा वृक्षों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रीन चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वन मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया और कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी देखभाल भी सुनिश्चित करे।
वन महोत्सव के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से छह हरित प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं वन रेंजों के लिए रवाना किया गया। ये प्रचार वाहन आमजन को वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और वन महोत्सव के संदेश से जोड़ने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए मेडिकल कैंप का भी वन मंत्री ने निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रीन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं समस्याएं भी साझा कीं, जिन पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर “आम बहार आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत आम के पौधों के साथ आम के फलों का वितरण किया गया। इससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ फलदार वृक्षों के प्रति भी विशेष रुचि देखने को मिली।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, जनजागरूकता रैलियां, ग्रीन चौपाल, पौध वितरण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर जनपद को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सके।



