बाराबंकी
33 केवी लाइन में फॉल्ट से मसौली उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप भीषण गर्मी में उपभोक्ता बेहाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। मसौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी 33 केवी लाइन में शुक्रवार को आए फॉल्ट के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति समाचार लिखे जाने तक पूरी तरह ठप रही। बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी के बीच करीब 250 गांवों की लगभग दो लाख की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे 33 केवी लाइन में अचानक फॉल्ट आने से मसौली उपकेंद्र से होने वाली विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी फॉल्ट की तलाश में पेट्रोलिंग करते रहे लेकिन शाम तक खराबी का पता नहीं चल सका। इसके चलते बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली न होने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी की मोटरें नहीं चल सकीं जिससे लोग एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान रहे। वहीं मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए उपभोक्ताओं को इधर-उधर भटकना पड़ा। लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला। समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी तथा विभाग की ओर से फॉल्ट दूर करने के प्रयास लगातार जारी थे।



