जालौन

बार-बार फुंक रहे ट्रांसफार्मर, जर्जर तारों से अंधेरे में सुढार–सालाबाद

ट्रांसफार्मर में आग लगने से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। विकासखंड जालौन की ग्राम पंचायत सुढार–सालाबाद में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने, जर्जर बिजली लाइनों में फॉल्ट और घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग स्थायी समाधान नहीं कर रहा है, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शनिवार दोपहर सुढार गांव में ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर से तेल रिसने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खराब हो गया और गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त की जाती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
ग्रामीणों का आरोप है कि कभी सुढार तो कभी सालाबाद का ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है। सालाबाद में 250 केवीए ट्रांसफार्मर से काफी दूरी तक बिजली आपूर्ति होने के कारण उस पर अत्यधिक लोड पड़ता है, जिससे वह बार-बार फॉल्ट हो जाता है। इसके अलावा 11 हजार वोल्ट की जर्जर लाइनें भी आए दिन टूट जाती हैं, जिसके कारण पूरे दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखे होने के बावजूद उन्हें अब तक चालू नहीं कराया गया है। यदि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए जाएं तो ओवरलोड की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को फोन कर समस्या बताने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन तक रिसीव नहीं किया जाता। विभागीय अधिकारियों को जर्जर तार बदलने और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर चालू नहीं किए गए, जर्जर तार नहीं बदले गए और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासनों नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button