भरत पुर
डकैती के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
भुसावर थाना पुलिस ने डकैती के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी 22 वर्षीय मनकेश पुत्र भीम मीना निवासी निठार है। पुलिस अधीक्षक भरतपुर द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। थानाधिकारी रामदयाल मीणा ने बताया कि रेंज आईजी कैलाश चंद विश्नोई एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीना के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैर ओमप्रकाश मीना और वृत्ताधिकारी भुसावर नीरज भारद्वाज के सुपरविजन में एक टीम का गठन किया गया था। यह मामला 21 अप्रैल 2026 को कोटकी निवासी रामकेश गुर्जर द्वारा भुसावर थाने में दर्ज कराया गया था। रामकेश ने अपने भाई के अपहरण और लूट के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मनकेश मीना सहित अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। गठित पुलिस टीम ने आरोपी मनकेश मीना को तालचिड़ी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गठित की गई टीम में थानाधिकारी रामदयाल मीना, एएसआई नेत्रपाल, कांस्टेबल रम्मो, हजारी और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।


