
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने किया वर्चुअल उद्घाटन, लंबित विवेचनाओं पर अब होगी रियल टाइम निगरानी
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद में अपराधों की विवेचना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में ललितपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विवेचनाओं की ऑनलाइन निगरानी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ललितपुर मॉनिटरिंग डैशबोर्ड का वर्चुअल शुभारंभ मंगलवार को कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने किया। इस अवसर पर झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आकाश कुलहरि एवं पुलिस अधीक्षक ललितपुर मो. मुश्ताक सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग के अनुसार यह डिजिटल डैशबोर्ड विवेचनाओं की लगातार मॉनिटरिंग, समय-सीमा के भीतर निस्तारण तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से 60 एवं 90 दिनों की समय-सीमा वाली विवेचनाओं की अलग-अलग निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो और न्यायिक प्रक्रिया को गति मिल सके। डैशबोर्ड की सहायता से विवेचक, थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक स्तर तक रियल टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। समय-सीमा के निकट पहुंचने वाली लंबित विवेचनाओं की पहचान कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समय रहते अलर्ट भी प्राप्त होंगे। डैशबोर्ड की सबसे बड़ी विशेषता इसकी व्हाट्सएप आधारित स्वचालित अलर्ट प्रणाली है। इसके माध्यम से विवेचक (आईओ), थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक को लंबित विवेचनाओं की स्थिति से संबंधित स्वतः सूचना भेजी जाएगी, जिससे समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। मुख्य डैशबोर्ड पर सभी लंबित विवेचनाओं को ग्रीन, येलो और रेड जोन में वर्गीकृत किया गया है। इससे अधिकारियों को एक नजर में यह पता चल जाएगा कि कौन-सी विवेचना समय-सीमा के भीतर है, कौन-सी समय-सीमा के करीब पहुंच रही है और किन मामलों में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। इसके अलावा 60 एवं 90 दिवस की विवेचनाओं को अलग-अलग पाई चार्ट के माध्यम से भी प्रदर्शित किया गया है। डैशबोर्ड में सभी आंकड़ों को हाइपरलिंक के माध्यम से एक क्लिक पर एक्सेल शीट में एक्सपोर्ट करने की सुविधा दी गई है। साथ ही पार्ट पेंडिंग विवेचनाओं का अलग विवरण, अपराध श्रेणीवार लंबित मामलों की सूची, थानों की टॉप-5 एवं बॉटम-5 ऑटोमेटिक रैंकिंग, विवेचकवार प्रदर्शन तथा उपयोगकर्ताओं की लॉगिन रिपोर्ट भी उपलब्ध रहेगी। इससे पर्यवेक्षण अधिकारियों को कार्यों की नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय करने में आसानी होगी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक ललितपुर मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के संचालन से विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित होगा, लंबित मामलों में कमी आएगी तथा न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी। यह पहल आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह एवं परिणाममुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



