
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : कोतवाली लोनी क्षेत्र के बंथला-चिरौड़ी मार्ग पर मंगलवार सुबह एक ऑटो और कैंटर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में ऑटो में सवार सभी यात्री घायल गंभीर रूप से हो गए। हादसे में एक युवती का हाथ कट गया, जिसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे एक ऑटो चिरौड़ी से यात्रियों को लेकर बंथला की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित कैंटर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक समेत उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल युवती की पहचान काजल पुत्री चंद्रपाल, निवासी सिरौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में उसका एक हाथ कट गया है और अस्पताल में उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कैंटर चालक की तलाश की जा रही है।



