शामली

 दो पहियों पर दौड़ रहीं ओवरलोड ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां

हर पल हादसे का खतरा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

 चौसाना। चौसाना-बिडौली मार्ग पर ओवरलोड ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन रही हैं। क्षमता से कई गुना अधिक ईंटें लादे जाने के कारण ट्रैक्टर के अगले दोनों पहिए कई जगह जमीन से ऊपर उठ जाते हैं और वाहन केवल पिछले पहियों के सहारे चलता दिखाई देता है। ऐसे में जरा-सी चूक भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
चौसाना-बिडौली मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियां ईंट लेकर हरियाणा की ओर जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिक वजन होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाता है। मोड़ पर चालक ट्रैक्टर को सामान्य तरीके से नहीं मोड़ पाते, बल्कि केवल ब्रेक के सहारे वाहन को नियंत्रित करते हैं। इससे सामने से आने वाले वाहनों और राहगीरों पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ऐसे वाहन सड़क पर डगमगाते हुए चलते देखे गए हैं, जिससे लोग भय के माहौल में सफर करने को मजबूर हैं।
भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। यदि परिवहन और संबंधित विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो संगठन आंदोलन करने और ऐसे वाहनों का संचालन बंद कराने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि जो ट्रैक्टर दो पहियों के सहारे चल रहे हों, उनसे कब और कहां कोई बड़ी अनहोनी हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। स्थानीय लोगों राजकुमार, राहुल,मैनपाल, कुलदीप , आदि ने भी प्रशासन से अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button