दो नाबालिग लड़कियों से रेप का वांछित आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल…

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड (यूपी)- हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस द्वारा सुबह चेकिंग के दौरान दो नाबालिग किशोरियों से दुष्कर्म के मामले में वांछित एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई जिसमें वांछित बदमाश गोली लगने से घायल हो गया , जिसके बाद बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है । पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है ।
जानकारी के अनुसार , कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट अपनी टीम के साथ अल्लाहबक्सपुर फाटक के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की स्पीड तेज कर दी और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया । जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्यवाही में बदमाश के पैर में गोली लग गई , जिससे वह मौके पर गिर गया । पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया है । बदमाश के कब्जे से एक अवैध हथियार और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है ।
मीडिया सैल के माध्यम से जानकारी देते हुए सी ओ गढ़ राहुल यादव ने बताया कि , बीती रात्रि थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की चैकिंग के दौरान बदमाश से मुठभेड़ हो गई जिसमें आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायलावस्था में गिरफ्तार हुआ है । जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा मय जिन्दा व खोखा कारतूस एवं बिना नम्बर की मोटर साइकिल बरामद हुई है । प्रारम्भिक पूछताछ में घायल / गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम भोले पुत्र नेपाल निवासी शेरा कृष्ण की मढैया थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ बताया है। गिरफ्तार बदमाश द्वारा दिनांक 26.06.2026 को 02 नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने की घटना कारित की गयी थी, जिसके सम्बन्ध में थाना गढ़मुक्तेश्वर पर मु0अ0सं0 348/26 धारा 65(1), 351(3) बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट पंजीकृत है।घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया है एवं अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




