बेतुल
बैतूल बेटे की टीसी लेने पहुंचे पिता से स्कूल परिसर में मारपीट का आरोप
स्कूल संचालक और शिक्षक के खिलाफ गंज थाने में शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शहर के एक निजी स्कूल में एक छात्र के पिता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता दीपक जावलकर ने गंज थाना में शिकायत कर आरोप लगाया है कि बेटे की ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने स्कूल पहुंचने पर स्कूल संचालक और उसके एक साथी ने उनके साथ स्कूल परिसर में मारपीट की, कमरे में बंद कर पीटा तथा बेटे को भी डराया-धमकाया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
शिकायत के अनुसार दीपक जावलकर अपने पुत्र अक्ष जावलकर की टीसी लेने अग्रसेन स्कूल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पूरी फीस जमा होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन टीसी देने से इनकार कर रहा था और बच्चे को उसी स्कूल में पढ़ाने का दबाव बना रहा था। इसी दौरान स्कूल मालिक और उसके एक साथी ने उनके साथ मारपीट की तथा उन्हें एक कमरे में बंद कर पीटा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस घटना के दौरान उनके बेटे को भी डराया-धमकाया गया और टीसी देने से साफ मना कर दिया गया।
आवेदन में दीपक जावलकर ने दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग की है।



