झारखण्ड में 26 आजीवन सजायाफ्ता कैदियों की रिहाई पर बनी सहमति, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। सीएम हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखण्ड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न जेलों में आजीवन सजा काट रहे 73 कैदियों की रिहाई से संबंधित मामलों की समीक्षा के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी। बैठक में पर्षद द्वारा अनुशंसित 20 नए मामलों के साथ पिछली बैठकों में अस्वीकृत 53 मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। निर्धारित पात्रता, कैदियों के आचरण, कारावास की अवधि, विधिक प्रावधानों तथा संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों के पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए काउंसलर नियुक्त किए जाएं। उन्होंने मनोवैज्ञानिकों एवं गैर-सरकारी संगठनों (NGO) की मदद से उनकी काउंसलिंग कराने पर जोर दिया, ताकि वे जेल से बाहर आने के बाद दोबारा अपराध की राह पर न जाएं। मानसिक रूप से अस्वस्थ रिहा बंदियों के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी प्रोबेशन पदाधिकारियों को देने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सजा पूरी कर चुके उन बंदियों की भी काउंसलिंग कराने को कहा, जो जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते हैं, ताकि उनकी पारिवारिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित गृह, विधि एवं कारा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



