विश्व जनसंख्या दिवस पर सीएचसी पाकुड़िया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Awareness program organized at CHC Pakuria on World Population Day. Open in Google

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाकुड़िया में जनसंख्या स्थिरता, परिवार कल्याण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने उपस्थित लोगों को परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु देखभाल तथा संतुलित जनसंख्या के सामाजिक एवं आर्थिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटे और स्वस्थ परिवार से ही समाज एवं राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित परिवार कल्याण कार्यक्रमों का लाभ उठाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने भी जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में सभी लोगों से सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. मंजर आलम, डॉ. वसीम राजा, डॉ. अभय सराफ, स्वास्थ्य सहिया माधुरी देवी, मार्शिला सोरेन, बसंती टुडू, मृत्युंजय कुमार, अलख निरंजन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने जनसंख्या नियंत्रण, परिवार कल्याण और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



