विधायक हेमलाल मुर्मू ने हाईमास्ट सोलर लाइट का किया उद्घाटन, छात्रों को बांटे साइकिल
MLA Hemlal Murmu inaugurated high-mast solar lights and distributed bicycles to students.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने रविवार को प्रखंड के मोहनपुर चौक एवं कुंजबोना गांव में स्थापित दो एलईडी आधारित हाईमास्ट सोलर लाइट का नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा आठ के विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया। हाईमास्ट सोलर लाइट के उद्घाटन के अवसर पर विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि मुख्य चौक पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। अंधेरा रहने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को रात में आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि हाईमास्ट सोलर लाइट के शुरू होने से क्षेत्र में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके बाद विधायक ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय में कक्षा आठ के छात्रों के बीच साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी छात्र-छात्रा को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई न हो। उन्होंने छात्रों से साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, प्रखंड और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवा नेता एवं झामुमो के केंद्रीय सदस्य विकास मुर्मू, प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।



