
मुरादाबाद । यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर मुरादाबाद में भाजपा का तीसरा सर्वे भी पूरा हो गया है। छह सीटों पर 20 दावेदार सामने आए हैं। नगर, देहात, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा से तीन-तीन और कांठ-बिलारी से चार-चार नाम सबसे ज्यादा चचार्ओं में हैं। विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी पूरे पांच सर्वे कराएगी।
यूपी विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद जिले में प्रत्याशियों के चयन के लिए भाजपा के तीसरे चरण का सर्वे पूरा हो चुका है। तीन चरणों में जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 20 दावेदारों के नाम सबसे सामने आए हैं। मुरादाबाद नगर, देहात, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा में तीन-तीन और कांठ-बिलारी में चार-चार नाम लोगों के बीच चर्चा में है। इसमें मौजूदा विधायकों से लेकर ब्लॉक प्रमुख तक शामिल हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले का दौरा कर चुके हैं। वहीं पार्टी के कार्यक्रमों के बहाने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मुरादाबाद आ चुके हैं। वहीं पार्टी स्तर पर विभिन्न अभियान चलाकर कार्यकतार्ओं को जोड़ा जा रहा है।
दूसरी ओर जिताऊ प्रत्याशी के चयन की कवायद चल रही है। इसके लिए भाजपा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे करा रही है। अभी तक जिले में तीन सर्वे हो चुके हैं। पहला सर्वे जनवरी कराया गया। जबकि दूसरा सर्वे मार्च के आखिरी हफ्ते में शुरू किया गया था। दोनों सर्वे करीब महीने भर चले। वहीं तीसरा सर्वे जून महीने में चला। जो अब पूरा हो चुका है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अभी तक हुए तीन सर्वे में एजेंसियों को लोगों के बीच 20 दावेदारों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा मिले हैं। इसमें दोनों मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका चेयरमैन, वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। एजेंसियों ने इनके अलावा भी कुछ नामों पर लोगों के बीच चर्चा की है।
दिल्ली और लखनऊ के स्तर पर एजेंसियां जिले में सर्वे कर रही हैं। ये प्रक्रिया लगातार चल रही है। ये कोई आखिरी सर्वे नहीं है। – गिरीश भंडूला, भाजपा महानगर अध्यक्ष
पार्टी एजेंसियों के जरिये ग्राउंड लेवल पर सर्वे कराती है। लोगों से जनप्रतिनिधियों के बारे में फीडबैक लेती है। इससे जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का भी पता चल जाता है। – आकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष
सर्वे में ये रहे सवाल
विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति क्या है
मौजूदा विधायक या दावेदारों की स्थिति क्या है
केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता कैसे देख रही है
योगी सरकार की कार्यप्रणाली कैसी है
विधानसभा चुनाव के लिए किस आधार पर प्रत्याशी चुनेंगे
प्रत्याशी चुनने के लिए दूसरे विकल्प का नाम बताइए
दिसंबर में हुआ चुनाव तो सितंबर का सर्वे होगा आखिरी
विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए भाजपा पांच सर्वे कराएगी। अभी दो सर्वे बचे हैं। अगर विधानसभा चुनाव समय से पहले (नवंबर-दिसंबर) हुए तो सितंबर में होने वाला चौथा सर्वे आखिरी सर्वे होगा। अगर तय समय पर चुनाव हुए तो दिसंबर में पांचवां और आखिरी सर्वे होगा।
किस विधानसभा क्षेत्र से किसके नाम पर ज्यादा रही चर्चा
नगर विधानसभा क्षेत्र : विधायक रितेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला।
देहात विधानसभा क्षेत्र : डॉ. केके मिश्रा, श्याम बिहारी मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा रजनीकांत जाटव।
कांठ विधानसभा क्षेत्र : पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू, ब्लॉक प्रमुख डिलारी पूनम चौधरी, जिला पंचायत सदस्य विनोद सैनी, राजपाल सिंह (छजलैट ब्लॉक प्रमुख के पति)
ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र : भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, अजय प्रताप सिंह, पूर्व सांसद सर्वेश सिंह की पत्नी साधना सिंह।
बिलारी विधानसभा क्षेत्र : परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी, बिलारी नगर पालिका के चेयरमैन रघुराज सिंह यादव, ऋषिपाल चौधरी।
कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र : विधायक रामवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश ठाकुर।
दावेदारों में ये लड़ चुके हैं चुनाव
डॉ. केके मिश्रा, राजपाल सिंह चौहान, अजय प्रताप सिंह, सुरेश सैनी, परमेश्वर लाल सैनी, ऋषिपाल चौधरी।
जनता नहीं कार्यकतार्ओं के बीच चर्चा में क्षेत्रीय पदाधिकारी का नाम
एक क्षेत्रीय पदाधिकारी भी दावेदारों की दौड़ में हैं। जनवरी और मार्च में हुए दो सर्वे में इनका नाम शामिल नहीं रहा। तीसरे सर्वे में उनका नाम सामने आया। वह भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं के बीच रहा। एजेंसी को जनता के बीच उनका नाम चर्चा में नहीं मिला।



